मुख्य समाचार

13 आईएएस अधिकारियों को मिली नई जिम्मेवारी

पटना। राज्य सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 13 आईएएस अधिकारियों को नई जिम्मेवारी सौंपी है। सामान्य प्रशासन विभाग की जारी अधिसूचना के अनुसार राजस्व पर्षद के अध्यक्ष सह सदस्य संजीव कुमार सिन्हा को सामान्य प्रशासन विभाग में मुख्य जांच आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। श्रम संसाधन विभाग में अपर मुख्य सचिव वंदना किनी को स्थानांतरित करते हुए राज्य योजना परिषद में मुख्य परामर्शी बनाया गया है।

ग्रामीण विकास विभाग के प्रधान सचिव अरविंद कुमार चौधरी श्रम संसाधन विभाग के प्रधान सचिव बनाए गए हैं। उन्हें बिहार संयुक्त प्रवेश परीक्षा पर्षद के परीक्षा नियंत्रक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। ग्रामीण विकास विभाग के सचिव बालामुरुगन डी. अब विभाग के पूर्ण प्रभार में रहेंगे।  

तिरहुत प्रमंडल, मुजफ्फरपुर के आयुक्त मिहिर कुमार सिंह पंचायती राज विभाग के नए प्रधान सचिव होंगे। इससे पहले इस विभाग का अतिरिक्त प्रभार अरविंद कुमार चौधरी के पास था। दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त मनीष कुमार को तिरहुत प्रमंडल का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटे बी. राजेंदर को सामान्य प्रशासन विभाग की जिम्मेवारी दी गई है। गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव चैतन्य प्रसाद सामान्य प्रशासन विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त हो जाएंगे।  

पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग के सचिव नर्मदेश्वर लाल गन्ना उद्योग विभाग के सचिव बनाए गए हैं। कृषि विभाग के सचिव एन. सरवण कुमार के पास अब गन्ना उद्योग विभाग की जगह पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग का अतिरिक्त प्रभार होगा।

स्वास्थ्य विभाग के सचिव गोरखनाथ को पूर्णिया प्रमंडल का आयुक्त बनाया गया है। उन्हें कोसी प्रमंडल, सहरसा का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।

2017 बैच के चार अधिकारियों को डीडीसी पद से स्थानांतरित करते हुए नगर आयुक्त की जिम्मेवारी दी गई है। खगडिया की डीडीसी अभिलाषा शर्मा को गया का नगर आयुक्त, बक्सर के डीडीसी योगेश कुमार सागर को भागलपुर का नगर आयुक्त, कैमूर के डीडीसी कुमार गौरव को दरभंगा का नगर आयुक्त एवं जुमई के डीडीसी आरिफ अहसन पूर्णिया के नगर आयुक्त बनाए गए हैं।

 


संबंधित खबरें