मुख्य समाचार

राधा-बांके बिहारी मंदिर में एक मई से प्राण प्रतिष्ठा समारोह

पटना। राजधानी के बुद्धमार्ग स्थित नवनिर्मित राधा-बांके बिहारी मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह एक मई से शुरू हो रहा है। मुख्य समारोह तीन मई को होगा। इस्कॉन की टीम प्राण प्रतिष्ठा समारोह की तैयारियों में जोर-शोर से जुटी है।  

इस्कॉन, पटना के अध्यक्ष कृष्ण कृपा दास का कहना है कि आखिर वह समय आ ही गया, जिसका पटनावासियों को इंतजार था। श्रद्धालुओं के सहयोग से करीब सौ करोड़ की लागत से 108 फीट ऊंचे भव्य मंदिर का निर्माण किया गया है। मंदिर निर्माण में 15 वर्ष लग गए। 28 अप्रैल, 2007 को मंदिर निर्माण का शिलान्यास मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया था।

अध्यक्ष ने बताया कि इस्कॉन अपने संस्थापक स्वामी प्रभुपाद की 125वीं जयंती वर्ष भी मना रहा है। इस कारण राधा-बांके बिहारी मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा समारोह और भी आकर्षक हो गया है।

मंदिर के विशेष आकर्षण में राधा-बांके बिहारी एवं राम दरबार, मंदिर का भव्य एसी हॉल, वैष्णव भोजन के लिए गोविंदा रेस्टोरेंट, वैदिक साहित्य वितरण के लिए बुक प्वाइंट, उत्सव हॉल एवं अतिथि गृह हैं। जरूरतमंदों के लिए मुफ्त प्रसाद की भी व्यवस्था है।

तीन दिवसीय कार्यक्रम का ब्योरा  :

एक मई (रविवार) - सुबह नौ बजे से कलश यात्रा, सुबह दस बजे से दोपहर 12 बजे तक वास्तु हवन, दोपहर 12 बजे से संध्या छह बजे तक यज्ञ, भजन एवं कीर्तन, संध्या सात बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम।

दो मई (सोमवार) - सुबह नौ बजे से शांति हवन एवं अनवरत मधुर कीर्तन, संध्या छह से सात बजे तक नेत्रोन्मिलन एवं शयन अधिवास, संध्या सात बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम।

तीन मई (मंगलवार) - सुबह आठ बजे से न्यासादि हवन, सुबह नौ से 11 बजे तक महाभिषेक एवं मधुर कीर्तन, दोपहर 12 बजे से संध्या छह बजे तक प्राण-प्रतिष्ठा, ऋंगार, भोग एवं आरती, संध्या छह बजे से महाप्रतिष्ठा कार्यक्रम। 

 


संबंधित खबरें