मुख्य समाचार

बेहतर कोषागार प्रबंधन के लिए डीएम ने किया प्रोत्साहित

पटना। डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह ने जिला कोषागार कार्यालय की बेहतर कार्य संस्कृति एवं उत्तम कार्यालय प्रबंधन पर खुशी व्यक्त की। उन्होंने इसे जारी रखने के लिए अधिकारी एवं कर्मियों को प्रोत्साहित किया।

डीएम ने समाहरणालय स्थित जिला कोषागार कार्यालय के निरीक्षण के दौरान विभिन्न शाखाओं को देखा। कार्यालय में सीएफएमएस सॉफ्टवेयर की सुविधा एक अप्रैल 2019 से जारी है। इससे निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी (डीडीओ) अपने कार्यालय से ही कोषागार में ऑनलाइन विपत्र जमा करते हैं। उन्हें कोषागार आने की जरूरत नहीं पड़ती एवं कोषागार में भीड़ नहीं होती है।

वरीय कोषागार पदाधिकारी अरुण कुमार ने डीएम को जानकरी दी कि इस कोषागार से 568 निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी संबद्ध हैं। वित्तीय वर्ष 2021-22 में पटना कोषागार से 1,04,000 विपत्र पारित हुआ। यह राज्य में सर्वाधिक है।

कोषागार के प्रावधान के अनुसार सेवानिवृत्त एवं मृत कर्मियों की पेंशन का प्रतिदिन निबटारा किया जा रहा है। पटना कोषागार में कार्यरत बेल्ट्रॉन के 17 डाटा इंट्री ऑपरेटर की संविदा नियोजित सेवा अभिलेख सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार संधारित किया गया है। डीएम ने इसपर खुशी व्यक्त की।

उन्होंने वरीय कोषागार पदाधिकारी को पेंशन भुगतान के लिए लंबित पीपीओ के शीघ्र निपटारा का निर्देश दिया। साथ ही कोषागार में उपलब्ध अनुपयोगी प्रश्नपत्र, कंप्यूटर, प्रिंटर एवं यूपीएस की प्रक्रिया के अनुसार नीलाम करने को कहा। डीएम के साथ विशेष कार्य पदाधिकारी सुभाष नारायण एवं जिला जनसंपर्क पदाधिकारी लोकेश कुमार झा भी मौजूद रहे।    

 


संबंधित खबरें