नई दिल्ली। प्रख्यात अर्थशास्त्री सुमन बेरी ने एक मई से नीति आयोग के उपाध्यक्ष का कार्यभार संभाल लिया। उन्होंने राजीव कुमार की जगह ली है। सरकार के महत्वपूर्ण थिंक टैंक नीति आयोग ने उपाध्यक्ष के रूप में सुमन बेरी का स्वागत किया है।
इस मौके पर बेरी ने कहा कि राजीव कुमार ने मुझे एक सशक्त संगठन सौंपा है। इसमें बहुत सारी नई, युवा प्रतिभाएं शामिल हैं और सरकार के अंदर और बाहर हितधारकों के साथ मजबूती से जुड़ी है। वैश्विक अनिश्चितता के दौर में इसका प्रभार मुझे सौंपे जाने पर बहुत सम्मानित महसूस कर रहा हूं।
उन्होंने कहा कि नीति आयोग के समक्ष गहन विश्लेषण के आधार पर भविष्य के लिए एक दृष्टिकोण विकसित करना और भारत के राज्यों के साथ आर्थिक विकास के लिए काम करना एक चुनौती है। भारत की आर्थिक और सामाजिक पसंद पूरी दुनिया के लिए महत्वपूर्ण है।
सुमन बेरी इससे पहले नेशनल काउंसिल ऑफ एप्लाइड इकोनॉमिक रिसर्च (एनसीएईआर) के महानिदेशक और रॉयल डच शेल के ग्लोबल चीफ इकनॉमिस्ट के रूप में कार्य कर चुके हैं। वह प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद, सांख्यिकी आयोग एवं मौद्रिक नीति पर आरबीआई की तकनीकी सलाहकार समिति के सदस्य भी थे। एनसीएईआर से पहले बेरी वॉशिंगटन डीसी में विश्व बैंक से जुड़े थे।