नई दिल्ली। अप्रैल महीने में जीएसटी कलेक्शन का नया रिकॉर्ड बना है। इस माह राजस्व संग्रह 1,67,540 करोड़ रुपए रहा। वित्त मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार अप्रैल 2022 में मार्च से 25,000 करोड़ रुपए अधिक संग्रह हुआ है। मार्च महीने में 1,42,095 करोड़ रुपए एकत्र हुए थे।
बिहार ने अप्रैल, 2022 में जीएसटी कलेक्शन में 1471 करोड़ रुपए का योगदान दिया है। मार्च, 2022 से कलेक्शन 123 करोड़ अधिक है, लेकिन अप्रैल, 2021 की तुलना में टैक्स संग्रह 37 करोड़ कम हो गया। बिहार के निकटवर्ती राज्य उत्तरप्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिसा एवं छत्तीसगढ़ का अप्रैल, 2022 में कलेक्शन अप्रैल, 2021 से बेहतर रहा।
राष्ट्रीय स्तर पर 1,67,540 करोड़ के राजस्व संग्रह में सीजीएसटी 33,159 करोड़, एसजीएसटी 41,793 करोड़, आईजीएसटी 81,939 करोड़ और सेस 10,649 करोड़ रुपए शामिल हैं। अप्रैल 2022 का जीएसटी संग्रह पिछले साल के इसी महीने की तुलना में 20 प्रतिशत अधिक है।
20 अप्रैल, 2022 को एक दिन में अब तक का सबसे अधिक कर संग्रह हुआ। इस दिन शाम चार बजे से पांच बजे के दौरान एक घंटे में सबसे अधिक कर संग्रह देखा गया।
अप्रैल 2022 में जीएसटीआर-3बी का फाइलिंग प्रतिशत 84.7 एवं जीएसटीआर-1 का प्रतिशत 83.1 रहा। यह अनुपालन व्यवहार में स्पष्ट सुधार दर्शाता है। कर प्रशासन के समय-समय पर रिटर्न दाखिल करने के लिए करदाताओं को प्रेरित करने के लिए किए गए उपायों का यह परिणाम है।