मुख्य समाचार

सीजीटीएमएसई के सीईओ 13 मई को उद्यमियों से मिलेंगे

पटना। क्रेडिट गारंटी ट्रस्ट फंड्स फॉर माइक्रो एंड स्मॉल इंटरप्राइजेज (सीजीटीएमएसई) के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी (सीईओ) संदीप वर्मा दो दिवसीय बिहार दौरे पर राज्य के उद्यमियों से मिलेंगे। 13 मई को बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (बीआईए) परिसर में 11.30 बजे से सूक्ष्म एवं लघु प्रक्षेत्र से जुड़े कारोबारियों से वे बात करेंगे।

एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण अग्रवाल ने बताया कि देश के औद्योगिक विकास में विशेषकर रोजगार सृजन में सूक्ष्म एवं लघु प्रक्षेत्र के उद्योगों का महत्वपूर्ण योगदान है, लेकिन इन उद्योगों को बैंक से लेने में काफी परेशानी होती है। इस श्रेणी के उद्योगों के पास गिरवी रखने के लिए कोई संसाधन नहीं होता है।

सूक्ष्म एवं लघु क्षेत्र की इस समस्या के समाधान के लिए केंद्र सरकार ने सीजीटीएमएसई योजना लांच की है। इसका मुख्य उद्देश्य सूक्ष्म एवं लघु प्रक्षेत्र के उद्योगों को उधार उपलब्ध कराने में क्रेडिट गारंटी प्रदान करना है। वर्तमान में इस योजना के तहत अधिकतम दो करोड़ तक का लोन मिल सकता है। इसके लिए कुछ भी गिरवी रखने की जरूरत नहीं है।

योजना के विषय में अधिक से अधिक लोगों को जानकारी उपलब्ध कराना इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है। इसमें कोई भी उद्यमी चाहे वह एसोसिएशन का सदस्य हो अथवा नहीं शामिल हो सकते हैं। इसके लिए एसोसिएशन के ईमेल- biapatna1@gmail.com या व्हाट्सएप नं.9472947942 या लैंडलाइन नंबर 0612-2226642/2222100 के माध्यम से सूचना दे कर अपना निबंधन करा सकते हैं।

 


संबंधित खबरें