पटना। बेली रोड स्थित विश्वेश्वरैया भवन में बुधवार की सुबह आग लग गई। घटना का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। राज्य सरकार के अधिकतर तकनीकी विभागों का मुख्यालय विश्वेश्वरैया भवन में है। आग शुरू में भवन की तीसरी मंजिल में लगी। धीरे-धीरे यह बढ़ते हुए छठी मंजिल तक पहुंच गई।
अग्निशमन सेवाएं की महानिदेशक शोभा अहोतकर स्वयं मौजूद रहकर राहत कार्यों की निगरानी में जुटी रहीं। स्थिति की भयावहता को देखते हुए एनडीआरएफ की भी मदद लेनी पड़ी। आठ घंटे से अधिक समय गुजर जाने के बाद भी आग पर पूरी तरह नियंत्रण नहीं पाया जा सका।

ऐसी स्थिति में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विश्वेश्वरैया भवन पहुंच पूरी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने आग बुझाने के लिए अपनाई गई प्रक्रिया और संसाधनों की जानकारी ली। अग्निशमन सेवाएं की डीजी ने मुख्यमंत्री को कार्रवाई का ब्योरा दिया। करीब आधे घंटे तक मुख्यमंत्री स्थल पर रुके रहे। उन्होंने बाहर से ही भवन के सभी हिस्सों में लगी आग को देखा और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने बताया कि इतनी देर तक आग का जारी रहना एक अलग तरह की घटना है। किसी सरकारी भवन में इतनी देर तक आग जारी रहने के बारे में नहीं सुना था। अग्निशमन विभाग ने आग पर काबू पाने की पूरी कोशिश की है। सभी अधिकारी इस समय यहां मौजूद हैं। ऐसी घटना आगे न हो इसके लिए जो भी जरूरी उपकरण होंगे, उन्हें उपलब्ध कराया जाएगा।