मुख्य समाचार

बिहार से राज्यसभा की पांच सीटें हो रहीं खाली, दस जून को चुनाव

पटना। बिहार से राज्यसभा की पांच सीटें सात जुलाई को रिक्त हो रहीं हैं। इन सीटों के लिए मतदान दस जून को होगा। बिहार समेत 15 राज्यों में 57 सीटों पर चुनाव के लिए आयोग ने कार्यक्रम जारी कर दिया है। अधिसूचना 24 मई को जारी होगी।

भाजपा से सदस्य गोपाल नारायण सिंह एवं सतीश चंद्र दूबे, राजद से मीसा भारती और जदयू से केंद्रीय इस्पात मंत्री रामचंद्र प्रसाद सिंह का कार्यकाल सात जुलाई को पूरा हो रहा है। शरद यादव की सीट चार दिसंबर, 2017 से ही रिक्त है।

चुनाव आयोग से जारी कार्यक्रम के अनुसार 24 मई को अधिसूचना जारी होगी। नामांकन पत्र दाखिल करने एवं उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तिथि क्रमशः 31 मई एवं 3 जून है। मतदान दस जून की सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक है। चुनाव परिणाम शाम पांच बजे के बाद जारी कर दिया जाएगा।   

अरिस्टो फार्मा के संस्थापक एवं जदयू से राज्यसभा सांसद डॉ महेंद्र प्रसाद के निधन से रिक्त सीट के लिए उपचुनाव 30 मई को होगा। यह सीट 27 दिसंबर, 2021 से रिक्त है। इस संबंध में चुनाव आयोग ने 12 मई को अधिसूचना जारी कर दी है।

 

 


संबंधित खबरें