मुख्य समाचार

सुबह दस मिनट करते हैं विपश्यना प्रक्रिया : सीएम

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि सुबह टहलने के बाद हम दस मिनट विपश्यना प्रक्रिया करते हैं। इससे काफी अच्छा महसूस होता है। राजधानी के बुद्ध समृति पार्क स्थित विपश्यना केंद्र आने वाले लोगों के लिए रहने-खाने की व्यवस्था की गई है। दस दिनों तक लोग यहां रहकर हर चीज को समझेंगे। विपश्यना केंद्र में ध्यान के बाद मुख्यमंत्री ने यह जानकारी दी। इससे पहले उन्होंने भगवान बुद्ध की 2566वीं जयंती पर बुद्ध स्मृति पार्क में पूजा-अर्चना की।

मुख्यमंत्री ने बताया कि विपश्यना केंद्र के विशेषज्ञ सत्यनारायण गोयनका जी की आवाज में दस मिनट का ध्यान किया जाता है। उनकी अच्छी आवाज थी। सबसे पहले विपश्यना केंद्र की शुरुआत मुंबई में हुई थी। अब पटना में भी शुरू हो गया है। इसको प्रचारित कीजिए ताकि लोग इसके बारे में जानें। अब तो बच्चे-बच्चियां भी यहां आ रहे हैं। इससे उनका ज्ञान बढ़ेगा और मन भी मजबूत होगा।

उन्होंने संचालकों से कहा आपलोग केंद्र का बेहतर संचालन करते रहें। राज्य सरकार का पूरा सहयोग है। किसी तरह की जरूरत होगी, तो उपलब्ध कराया जाएगा। बुद्ध स्मृति पार्क स्थित पाटलिपुत्र करुणा स्तूप में भगवान बुद्ध की पवित्र अस्थि के सामने मुख्यमंत्री ने बौद्ध भिक्षुओं के साथ विश्व शांति के लिए मंगल कामना की। बौद्ध भंते ने पार्क में स्थापित बुद्ध की प्रतिमा, बोधगया का बोधिवृक्ष एवं श्रीलंका के अनुराधापूरम से लाए गए वृक्ष की पूजा करायी।

इस मौके पर डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद, भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी, पटना नगर निगम की मेयर सीता साहू, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी एवं कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

 


संबंधित खबरें