मुख्य समाचार

1670 एकड़ में बनेगा डोभी मेगा इंडस्ट्रियल प्रोजेक्ट

पटना। गया जिले के डोभी के समीप 1670.22 एकड़ में मेगा इंडस्ट्रियल प्रोजेक्ट विकसित होने जा रहा है। इसके लिए जमीन का चयन हो चुका है। गया जिला से अमृतसर-दिल्ली-कोलकाता इंडस्ट्रियल कॉरिडोर गुजर रहा है। इस कोरिडोर के समीप ही मेगा इंडस्ट्रीयल प्रोजेक्ट विकसित होगा।

नेशनल इंडस्ट्रियल कॉरिडोर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन की टीम ने इस प्रोजेक्ट के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करने के लिए बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के साथ बैठक की। कॉरपोरेशन के टेक्निकल हेड अजय शर्मा के नेतृत्व में बैठक हुई। बीआईए के सदस्यों ने इंडस्ट्रियल टाउनशिप विकसित करने संबंधित कई सुझाव दिए।

इंडस्ट्रियल कॉरिडोर डेवलपमेंट की टीम ने बताया कि यह प्रोजेक्ट जीटी रोड एवं एनएच के नजदीक है। इस क्षेत्र में रेलवे की ग्रैंड कॉर्ड लाइन पहले से विकसित है। रेलवे का नया थर्ड फ्रेट कॉरिडोर एवं हल्दिया-जगदीशपुर पाइप लाइन इसी क्षेत्र से गुजर रहा है। 1670.22 एकड़ क्षेत्र के 62 प्रतिशत यानी 1040 एकड़ में औद्योगिक यूनिट लगेगी। 34 प्रतिशत एरिया सड़क, खुली जगह एवं कई यूटिलिटी सर्विस के लिए है।

बीआईए के सुझाव :

-  प्रोजेक्ट के तहत लगने वाले उद्योगों को सरकार पाइप लाइन के जरिए पानी की व्यवस्था करे। इससे कम से कम भूजल का उपयोग होगा।

-  बाहर से कच्चा माल एवं अन्य आयात होने वाले सामान और तैयार उत्पादों के निर्यात के लिए क्षेत्र में इनलैंड कंटेनर डिपो के साथ कस्टम क्लियरेंस की सुविधा भी विकसित हो।

-  यूनिट को प्रतिस्पर्धात्मक दर पर बिजली मिल सके। इसके लिए डीवीसी की पावर सप्लाई लाइन उपलब्ध होनी चाहिए।

-  सूक्ष्म एवं लघु क्षेत्र के उद्योगों के लिए इस परिसर में जगह सुरक्षित हो।

-  राज्य में फार्मास्यूटिकल एवं केमिकल उद्योगों के विकसित होने की संभावना के मद्देनजर इंडस्ट्रियल पार्क में इस प्रक्षेत्र को भी समाहित की जाए।

-  प्लग एंड प्ले मॉडल के आधार पर कुछ उद्योगों के लिए व्यवस्था प्रोजेक्ट में रहे।

बैठक में बीआईए के अध्यक्ष अरुण अग्रवाल, उपाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह एवं सुबोध कुमार गोयल, महासचिव आशीष रोहतगी, कोषाध्यक्ष मनीष कुमार तिवारी एवं पूर्व अध्यक्ष केपीएस केशरी के साथ साथ बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद रहे। सीआईआई की ओर से सचिन चंद्रा, आद्री के डॉ सुधांशु कुमार, प्रोजेक्ट के नोडल पदाधिकारी नीरज कुमार एवं टाटा कंसलटेंसी की टीम भी मौजूद थी।  

 

 


संबंधित खबरें