पटना। बिहार टेक्सटाइल और लेदर पॉलिसी 2022 का बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज और बिहार उद्योग संघ (बीआईए) ने स्वागत किया है। पॉलिसी का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए दोनों संगठनों ने इसके लिए मुख्यमंत्री एवं उद्योग मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है। बिहार उद्योग संघ के एक शिष्टमंडल ने उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन से मिल नई पॉलिसी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष पीके अग्रवाल ने कहा कि बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन नीति (वस्त्र एवं चर्म नीति) के आने से वस्त्र, पोशाक, रेशम, बिजली चरखा, चमड़ा, सभी तरह के जूते एवं संबद्ध उद्योगों के समग्र प्रक्षेत्रीय विकास को बढ़ावा मिलेगा। इससे निवेशक प्रोत्साहित होंगे ।
नई नीति में निवेशकों के लिए बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन नीति 2016 के अंतर्गत मिलने वाले लाभों के अलावा पावर टैरिफ, रोजगार एवं पूंजीगत अनुदान, फ्रेट एवं पेटेंट सब्सिडी का भी प्रावधान किया गया है। यह काफी प्रशंसनीय है।
बिहार उद्योग संघ के अध्यक्ष अरुण अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री एवं उद्योग मंत्री के दूरदर्शी चिंतन से राज्य में औद्योगिक विकास को नई गति मिलनी शुरू हो गई है। वस्त्र एवं चर्म उद्योग की बिहार में असीम संभावनाएं हैं। महासचिव आशीष रोहतगी ने कहा कि वस्त्र एवं चर्म नीति राज्य में औद्योगिक निवेश आकर्षित करने के साथ बड़ी मात्रा में रोजगार के नए अवसर सृजित करेगी।