मुख्य समाचार

आरसीपी सिंह की पार्टी में है भूमिका, कोई मतभेद नहीं : सीएम

पटना। केंद्रीय इस्पात मंत्री आरसीपी सिंह के राज्यसभा के लिए टिकट कटने पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि पार्टी में उनकी भूमिका है। सभी लोगों को जिम्मेवारी मिलती रहती है। किसी चीज को लेकर कोई मतभेद नहीं है। राज्यसभा चुनाव के लिए जदयू प्रत्याशी खीरू महतो के नामांकन के बाद मुख्यमंत्री पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे।  

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमलोगों की इच्छा हुई कि झारखंड के अपने पुराने साथी खीरू महतो को इस बार राज्यसभा भेजें। इस पर किसी को ऐतराज नहीं है। आरसीपी सिंह ने भी अपनी बात कहते हुए इस पर आपत्ति नहीं जतायी है। उन्हें पार्टी ने शुरू से काफी अवसर दिया है। जब वे आईएएस अफसर थे तब भी मेरे साथ थे। पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष भी उन्हें बनाया गया। अभी वे केंद्र सरकार में मंत्री हैं।

राज्यसभा का सदस्य नहीं रहने पर केंद्रीय मंत्रिमंडल से आरसीपी सिंह के इस्तीफा देने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यसभा सदस्य के तौर पर उनका कार्यकाल अभी बाकी है। यह चुनाव समय से पहले हो रहा है। जब तक उनका राज्यसभा का कार्यकाल (सात जुलाई तक) है तब तक वे मंत्री बने रह सकते हैं।

केंद्र सरकार में जदयू की ओर से किसी और को मंत्री बनाने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सब आगे की चीज है। किसी चीज को मांगने की जरूरत नहीं है। समय आने पर सभी चीजें स्पष्ट हो जाएंगी।

इधर, केंद्रीय इस्पात मंत्री आरसीपी सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री ने जो भी निर्णय लिया है, वह मेरे भले के लिए ही लिया होगा। पार्टी की मजबूती के लिए हम काम करते रहेंगे। मुझे किसी से कोई नाराजगी नहीं है। केंद्रीय मंत्री बने रहने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पूरी बात प्रधानमंत्री के समक्ष रखूंगा। रखना या हटाना प्रधानमंत्री का विशेषाधिकार है।

बिहार से राज्यसभा की पांच सीटों के लिए चुनाव होना है। बीजेपी ने सतीश चंद्र दूबे और शंभू शंकर पटेल को जबकि आरजेडी की ओर से मीसा भारती और फैयाज अहमद उम्मीदवार बनाए गए हैं।

 

 

 


संबंधित खबरें