मुख्य समाचार

8 जून को सीएम लांच करेंगे बिहार टेक्सटाइल और लेदर पॉलिसी

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आठ जून को अधिवेशन भवन में बिहार टेक्सटाइल और लेदर पॉलिसी 2022 लांच करेंगे। इस मौके पर देश के टेक्सटाइल एवं लेदर सेक्टर के बड़े उद्योगपति भी मौजूद रहेंगे।

उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने यह जानकारी देते हुए कहा कि टेक्सटाइल और लेदर उद्योग के लिए बिहार सबसे अनुकूल डेस्टिनेशन है और बिहार देश का बड़ा टेक्सटाइल हब बनेगा। बांग्लादेश और वियतनाम को टेक्सटाइल क्षेेत्र में कड़ी टक्कर बिहार ही दे सकता है। बिहार में निवेश करने वाली कंपनियों को देश के पूर्वाेत्तर राज्य, पड़ोसी देश नेपाल एवं भूटान का बड़ा बाजार मिलेगा।

उद्योग मंत्री का कहना है कि बिहार टेक्सटाइल एंड लेदर पॉलिसी से काफी उम्मीदें हैं। हमने देश की बेहतरीन पॉलिसी बनाई है। इसमें बिहार में निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए कई प्रावधान किए गए हैं। 26 मई, 2022 को बिहार टेक्सटाइल और लेदर पॉलिसी को कैबिनेट से स्वीकृति मिली है।

राज्य सरकार ने बंद चीनी मिल एवं अन्य 2800 एकड़ जमीन उद्योग विभाग को दी है। हमारी कोशिश है कि बिहार आने वाली टेक्सटाइल कंपनियों को प्लग एंड प्ले सुविधाओं के साथ जमीन उपलब्ध हो।

उद्योग मंत्री ने बताया कि बिहार की सबसे बड़ी ताकत इसकी प्रशिक्षित श्रमशक्ति है। देश की तमाम टेक्सटाइल कंपनियों में अधिकतर कामगार बिहार के ही हैं। इसलिए बिहार में टेक्सटाइल और लेदर उद्योग की सफलता की गारंटी अधिक है।


संबंधित खबरें