पटना। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज एवं बिहार उद्योग संघ (बीआईए) का प्रतिनिधिमंडल राजकीय अतिथिशाला में मिला। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे एवं गिरिराज सिंह भी मौजूद रहे।
महात्मा गांधी सेतु के पूर्वी लेन का कार्य पूरा कराने के लिए राज्य के उद्यमी एवं व्यवसायियों ने केंद्रीय मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया । उन्होंने कहा कि इससे बिहार की व्यावसायिक गतिविधियों में तेजी आएगी। साथ ही उत्तर बिहार से दक्षिण बिहार आने-जानेवाले लोग भी लाभान्वित होंगे।
नितिन गडकरी सात जून को बिहार में 13,585 करोड़ की लागत से 15 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होने पटना आए थे। उन्होंने महात्मा गांधी सेतु की सुपर स्ट्रक्चर रिप्लेसमेंट परियोजना का लोकार्पण किया। एनएच 19 पर स्थित छह किलोमीटर लंबी गांधी सेतु परियोजना के पूर्वी लेन की लागत 1742 करोड़ है।

चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष पीके अग्रवाल, मुकेश कुमार जैन, अमित मुखर्जी, विशाल टेकरीवाल, सुभाष पटवारी, एकेपी सिन्हा एवं रामाशंकर प्रसाद शामिल थे। चैंबर ने बिहार में सड़क एवं पुल प्रोजेक्ट पर चल रहे कार्यों में तेजी लाने के लिए एक ज्ञापन भी केंद्रीय मंत्री को सौंपा।
बीआईए अध्यक्ष अरुण अग्रवाल के नेतृत्व में आठ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने राज्य में सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राज्यमार्ग से जुड़े कई बिंदुओं पर केंद्रीय मंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया एवं सुझाव दिए। बीआईए प्रतिनिधिमंडल में सुबोध गोयल, मनीष तिवारी, केपीएस केसरी, राम लाल खेतान, जीपी सिंह, सुनील कुमार सिंह, सुजय सौरभ एवं एकेपी सिन्हा शामिल थे।