भागलपुर/हाजीपुर।मुंगेर-भागलपुर-मिर्जाचौकी फोर लेन (एनएच 80) नए ग्रीन फ्रील्ड कॉरिडोर परियोजना का शिलान्यास केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। 124 किलोमीटर लंबी परियोजना की लागत 5788 करोड़ है।
इसके अलावा वर्तमान मुंगेर-भागलपुर-मिर्जाचौकी टू लेन (एनएच 80) पेव्ड शोल्डर सड़क परियोजना का भी शिलान्यास किया गया। इस परियोजना की लंबाई108 किलोमीटर एवं लागत 1044 करोड़ है। मुंगेर-भागलपुर-मिर्जाचौकी सड़क निर्माण से बिहार और झारखंड के बीच कनेक्टिविटी सुगम हो जाएगी। यह मार्ग साहिबगंज में इनलैंड वाटरवेज टर्मिनल से जुड़ जाएगा। इससे परिवहन लागत में कमी आएगी।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने हाजीपुर से बिहार के लिए 13,585 करोड़ की लागत से 15 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। महात्मा गांधी सेतु के पूर्वी लेन के सुपर स्ट्रक्चर रिप्लेसमेंट परियोजना का भी उन्होंने लोकार्पण किया।