मुख्य समाचार

सीमा शुल्क विभाग ने 2.75 करोड़ के प्रतिबंधित मादक पदार्थों को किया नष्ट

पटना। केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क विभाग, पटना ने 2.75 करोड़ रुपए के जब्त प्रतिबंधित मादक पदार्थों को नष्ट किया। पटना के बैरिया में लगभग 1419 किलोग्राम गांजा, 12 किलोग्राम चरस, कफ सिरप, नशीली सुई एवं गोलियों को निर्धारित प्रक्रियाओं के तहत नष्ट किया गया है।  

नशा विनष्टीकरण दिवस के मौके पर बिहार के पूर्व डीजीपी एवं शिक्षाविद अभयानंद, विभाग के संयुक्त आयुक्त रणविजय कुमार एवं मनोज कुमार शर्मा, डीआरआई के संयुक्त निदेशक बालमुकुंद एवं उप निदेशक प्रवीण कुमार समेत विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

सीमा शुल्क पटना के प्रधान आयुक्त पीके कटियार ने बताया कि पटना सीमा शुल्क ने पहले भी 40.53 करोड़ एवं 25.30 करोड़ मूल्य के नशीले पदार्थों का दिसंबर 2021 और मार्च 2022 में नष्ट किया था।

स्मगलिंग इन इंडिया रिपोर्ट (2019-2020) के अनुसार गांजा उड़ीसा और आंध्र प्रदेश से तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश से गुजरते हुए उत्तर प्रदेश एवं बिहार तक पहुंचता है। सीमा शुल्क, डीआरआई, ख़ुफ़िया एवं अन्य एजेंसियां निरंतर इस तरह के अवैध व्यापार को रोकने का प्रयास कर रही हैं।

भारत में गांजा का उन्नत किस्म हिमालय के दक्षिणी  ढलान और असम के पूर्वी सीमा के साथ समुद्र तल से दस हजार फीट की ऊंचाई पर पाया  जाता है। भारत, म्यांमार और नेपाल के कुछ पहाड़ी क्षेत्रों में उगाए गए गांजा एवं तैयार चरस का अवैध रूप से उत्तर तथा उत्तर पूर्व सीमांत के रास्ते व्यापार होता है।

 

 

 


संबंधित खबरें