बांका। अभियान बसेरा के अंतर्गत बांका जिले के 175 भूमिहीनों को चार एकड़ 90 डिसमिल जमीन का बासगीत पर्चा दिया गया। हर लाभार्थी को पांच डिसमिल जमीन दी गई है। बासगीत पर्चा वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि सभी जिलों में बासगीत पर्चा के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
राज्य सरकार आवासविहीन परिवार के जीवन में खुशहाली लाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग और बांका जिला प्रशासन का प्रयास सराहनीय है। यह कार्यक्रम आगे भी जारी रहेगा। आज जिन्हें पर्चा दिया गया है, उन्हें प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत पक्का मकान भी उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत जहां 1.22 करोड़ आवासों को स्वीकृत किया गया है, वहीं प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत 2.3 करोड़ आवास स्वीकृत किए गए हैं। डिप्टी सीएम ने अधिकारियों से कहा कि जनकल्याण योजनाओं में पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ काम करें। स्वर्णिम भारत के निर्माण में अधिकारियों की बड़ी भूमिका है। राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री रामसूरत राय ने भी अपने विचारों को रखा। इस मौके पर बांका के डीएम, एसपी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।