मुख्य समाचार

खेल एवं कॉमिक्स के जरिए बच्चे होंगे टैक्स साक्षर

नई दिल्ली। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने कर साक्षरता फैलाने के लिए खेल के जरिए एक अभिनव दृष्टिकोण अपनाया है। सीबीडीटी ने बोर्ड गेम, पहेली और कॉमिक्स के माध्यम से हाईस्कूल के छात्रों के लिए कराधान से संबंधित अवधारणाओं के लिए नया प्रोडक्ट पेश किया है।

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पणजी में कर जागरूकता फैलाने के लिए संचार और लोकसंपर्क प्रोडक्ट की एक श्रृंखला लांच की। उन्होंने कहा कि नए भारत को आकार देने में युवा प्रमुख भूमिका निभाएंगे। इस मौके पर स्कूली छात्रों को चयन करने के लिए खेल के पहले सेट का भी वितरण किया गया।

सांप, सीढ़ी और टैक्स : यह बोर्ड गेम टैक्स इवेंट और वित्तीय लेन-देन के संबंध में अच्छी और बुरी आदतों को पेश करता है। यह गेम सरल, सहज और शैक्षिक है। इसमें अच्छी आदतों को सीढ़ी के माध्यम से पुरस्कृत किया जाता है और बुरी आदतों को सांपों से दंडित किया जाता है।

भारत का निर्माण : यह खेल बुनियादी ढांचे और सामाजिक परियोजनाओं पर आधारित 50 मेमोरी कार्ड के उपयोग के माध्यम से करों के भुगतान के महत्व की अवधारणा पेश करता है। इस खेल का उद्देश्य यह संदेश देना है कि कराधान प्रकृति में सहयोगी है, प्रतिस्पर्धी नहीं।

इंडिया गेट : थ्री डी पहेली इस गेम में तीस टुकड़े होते हैं। प्रत्येक में कराधान से संबंधित विभिन्न नियम और अवधारणाओं के बारे में जानकारी होती है। इन टुकड़ों को एक साथ जोड़ने पर इंडिया गेट की थ्री आयामी संरचना का निर्माण होगा। यह संदेश देगा कि करों से ही भारत का निर्माण होता है।

डिजिटल कॉमिक बुक्स : आयकर विभाग ने बच्चों, युवा और वयस्कों के बीच आय और कराधान के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए लोटपोट कॉमिक्स के साथ सहयोग किया है। इसमें मोटू-पतलू के माध्यम से अत्यधिक गुदगुदाने वाले संदेश दिए गए हैं।

इन प्रोडक्ट को शुरू में देश भर में फैले आयकर कार्यालयों के नेटवर्क के माध्यम से स्कूलों में वितरित किया जाएगा। इन खेलों को किताब की दुकानों से भी वितरित करने पर विचार हो रहा है।

 


संबंधित खबरें