मुख्य समाचार

राष्ट्रपति उम्मीदवार बनने की मेरी कोई इच्छा नहीं : सीएम

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि राष्ट्रपति उम्मीदवार बनने में मेरी कोई इच्छा नहीं है। कुछ लोग कहते रहते हैं, लेकिन मेरी कोई दिलचस्पी नहीं है। राष्ट्रपति उम्मीदवार अभी तय नहीं हुआ है। अभी इस पर क्या प्रतिक्रिया दें। उम्मीदवार एक होंगे या अनेक। हमलोग एनडीए में हैं। इस पर राय-विचार होगा, तब सब साफ हो जाएगा। मुख्यमंत्री जनता का दरबार कार्यक्रम के बाद पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे।

रांची में हुई घटना पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे अधिकारी पूरे मामलों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। यहां के मंत्री के साथ रांची में जो कुछ हुआ है, उसको लेकर सारी बात यहां से कही गई है। किसी के साथ इस तरह का दुर्व्यवहार करना अच्छी बात नहीं है। कहीं कोई घटना होती है, तो उस पर कार्रवाई होनी चाहिए। यह संबंधित सरकार का काम है।

नुपूर शर्मा के बयान पर पार्टी ने एक्शन लिया है। इसके बाद भी कुछ हो रहा है, तो इस पर जरूर ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि कितना भी अच्छा कीजिए, लेकिन कुछ लोग जान-बूझकर माहौल खराब करना चाहते हैं। बिहार में ऐसी स्थिति नहीं है। यहां सब ठीक है।

नई शिक्षा नीति पर मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कूलों में पढ़ाई और शिक्षकों की बहाली ठीक ढंग से हो। इसे देखना जरूरी है। कई मामले सामने आए हैं। सबकी जांच हो रही है। मातृभाषा में प्राइमरी एजुकेशन की व्यवस्था बिहार में पहले से है। स्थानीय भाषाओं की काफी महत्ता है।

देश के कई राज्यों में राज्यसभा चुनाव के दौरान हुई क्रॉस वोटिंग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन राज्यों में यह सब होता है, वहीं के लोगों से यह सवाल पूछिए। बिहार में 2012 से राज्यसभा और विधानपरिषद का चुनाव सर्वसम्मति से हो रहा है। दूसरे राज्यों को बिहार के अनुभव से लाभ उठाना चाहिए।

 


संबंधित खबरें