मुख्य समाचार

उपेंद्र महारथी संस्थान की वेबसाइट लांच, फ्लिपकार्ट व अमेजन से करार

पटना। उपेंद्र महारथी शिल्प अनुसंधान संस्थान की ई-कॉमर्स वेबसाइट का लोकार्पण उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने किया। वेबसाइट के जरिए देश-विदेश के लोग बिहार के शिल्पकार और बुनकरों का बना सामान ऑनलाइन खरीद सकते हैं। इसके लिए अमेजॉन और फ्लिपकार्ट के साथ उपेंद्र महारथी शिल्प अनुसंधान संस्थान और खादी मॉल का समझौता हुआ है। समझौता पत्र पर संस्थान के निदेशक आलोक कुमार और फ्लिपकार्ट के इस्ट इंडिया निदेशक आकाश मित्रा ने हस्ताक्षर किए।

उपेंद्र महारथी संस्थान परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में उद्योग मंत्री ने कहा कि ऑनलाइन पोर्टल पर बिहार के 60 शिल्पकारों के 250 से अधिक प्रोडक्ट लिस्ट किए जा चुके हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में काम कर रहे कलाकार और शिल्पियों के सामान को निःशुल्क पटना लाया जा रहा है। इसके बाद संस्थान के माध्यम से इसे ग्लोबल बाजार में भेजने की व्यवस्था होगी।

संस्थान परिसर में सात दिनों से चल रहे निःशुल्क समर कैंप के समापन पर बच्चों को ट्रॉफी और सर्टिफिकेट भी दी गई। बच्चों ने टिकुली कला, पेपर मेशी, मधुबनी पेंटिंग, जूट क्राफ्ट, टेराकोटा और सिक्की कला के साथ समकालीन कला का प्रशिक्षण लिया। उद्योग मंत्री ने कहा कि इस तरह के समर कैंप का आयोजन बच्चों के लिए काफी लाभदायक है।

उपेंद्र महारथी संस्थान के निदेशक आलोक कुमार ने बताया कि संस्थान में छह माह का निःशुल्क हस्तशिल्प प्रशिक्षण जुलाई से शुरू हो रहा है। प्रशिक्षण के लिए पहले 98 सीट थी, जिसे बढ़ाकर 176 किया गया है। पिछले वर्ष 14 विधाओं में प्रशिक्षण दिया गया था जबकि इस वर्ष 17 विधाओं में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस वर्ष संस्थान में मंजूषा और सुजनी कला एवं गुड़िया क्राफ्ट के प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है।

 

 

 


संबंधित खबरें