पटना। रक्षा मंत्रालय के सभी 16 उपक्रम, इंडियन कोस्ट गार्ड, केंद्रीय सुरक्षा बल और असम रायफल्स में अग्निवीरों को लिए दस फीसदी आरक्षण देने की केंद्र सरकार ने घोषणा की है। पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने कहा कि केंद्र का यह निर्णय सेना में भर्ती के इच्छुक युवाओं का भरोसा जीतने की गंभीर पहल है।
सुशील मोदी ने कहा कि अग्निवीरों को जो आरक्षण मिलेगा, वह पूर्व सैनिकों को मिलने वाले आरक्षण के अतिरिक्त होगा। अग्निपथ योजना के अभ्यर्थियों के लिए उम्र सीमा में दो, तीन और पांच वर्षों तक छूट देने का निर्णय भी हो चुका है।
अर्धसैनिक बलों में 70 हजार से अधिक पद खाली हैं और अग्निवीरों की भर्ती जल्द शुरू होने वाली है। सुशील मोदी ने युवाओं से अपील की है कि वे संयम से काम लें और सामने आए अवसर का लाभ उठाने के लिए भर्ती प्रक्रिया में पूरे मनोयोग से शामिल हो।