मुख्य समाचार

नैवेद्यम की बिक्री प्रति माह एक लाख किलो से अधिक

पटना। महावीर मंदिर में पहली बार नैवेद्यम् की बिक्री प्रति माह एक लाख किलो से अधिक हो गई है। वर्ष 2022 के अप्रैल में नैवेद्यम् की बिक्री 1,18,946 किलो और मई महीने में 1,16,698 किलो हुई। जून की 15 तारीख तक बिक्री 58,822 किलो रही। इस आंकड़े के अनुसार जून में भी बिक्री एक लाख किलो से अधिक अनुमानित है।

तिरुपति के बालाजी मंदिर के बाद देश में लड्डू की सबसे अधिक बिक्री महावीर मंदिर में होती है। महावीर मंदिर में नैवेद्यम की बिक्री की शुरुआत 22 अक्टूबर, 1992 से हुई। प्रारंभ में बिक्री का आंकड़ा लगभग पांच सौ किलो प्रति माह था।  

कोरोना काल के बाद श्रद्धालुओं की संख्या में भी भारी वृद्धि हुई है। पहले मंगलवार को जितनी भीड़ होती थी, उतनी भीड़ अब शनिवार और रविवार को होने लगी है। सामान्य रूप से मंदिर में मार्च से जून महीने में सबसे अधिक भीड़ रहती है।

मंदिर के भेंट-पत्रों में डाली गई राशि में भी इजाफा हुआ है। पहले यह राशि एक लाख रुपए प्रतिदिन थी। पिछले ढाई महीनों में एक करोड़ बारह लाख तिहत्तर हजार सात सौ तेरह राशि प्राप्त हुई है। यह प्रतिदिन के हिसाब से एक लाख अड़तालीस हजार तीन सौ अड़तीस रुपए है। इस दौरान मंदिर परिसर में कर्मकांड के सभी मदों से 96,67,178 राशि मिली है। रूद्राभिषेक से 20,68,823/शुल्क प्राप्त हुआ है।

महावीर मंदिर अपनी आय का चार प्रतिशत बिहार राज्य धार्मिक न्यास बोर्ड को शुल्क में देता है। सब कुछ सामान्य रहने पर मंदिर बिहार राज्य धार्मिक न्यास बोर्ड को लगभग एक करोड़ रुपए शुल्क के रूप में देगा।

 

 

 


संबंधित खबरें