पटना। तख्त पटना साहिब में माता नानकी के नाम से बने नए लंगर हॉल का शुभारंभ कार सेवा वाले बाबा बचन सिंह ने किया। इस मौके पर तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी रंजीत सिंह गौहर ने अरदास कर उद्घाटन की रस्म अदा की। संत समाज के साथ तख्त साहिब के अध्यक्ष जत्थेदार अवतार सिंह हित, महासचिव इंद्रजीत सिंह, जगजोत सिंह सोही, हरबंस सिंह खनूजा एवं गुरिंदर सिंह की मौजूदगी में बटन दबाकर मशीन शुरू की गई।
जत्थेदार अवतार सिंह हित ने बताया कि तख्त साहिब में भव्य लंगर हाल बनने से संगत को काफी सुविधा होगी। ऑटोमेटिक मशीनों से हाइजेनिक लंगर तैयार होगा। एक घंटे में दस हजार के करीब संगत के लिए लंगर तैयार करने की क्षमता इन मशीनों में है।

सब्जियों की सफाई एवं कटाई, दाल, सब्जी, खीर एवं प्रसाद सब कुछ मशीन से ही तैयार होगा। इससे समय की काफी बचत होगी। बर्तन धोेने के लिए भी मशीन लगाई गई है। प्रोजेक्ट की लागत तीन करोड़ है। इस कार्य में श्रद्धालुओं ने सहयोग किया। अब गुरुपर्व और अन्य समागम के दौरान लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं के आने से बिना किसी देरी के तुरंत लंगर की व्यवस्था हो सकेगी।
इस मौके पर बाबा महिंदर सिंह, बाबा गुरनाम सिंह, भूरी वाले बाबा सुखविंदर सिंह, बाबा गुरिंदर सिंह, तख्त साहिब के मीडिया प्रभारी सुदीप सिंह, पूर्व महासचिव सरजिंदर सिंह, मनोहर सिंह बग्गा, जगजीवन सिंह चितकोहरा एवं सुपरीटेंडेट दलजीत सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे।