मुख्य समाचार

राजधानी की महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण

पटना। राजधानी की तीन महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लोकार्पण किया। सड़क परियोजनाओं में दीघा से पीएमसीएच तक जेपी गंगा पथ, अटल पथ फेज टू एवं रेलवे उपरि पुल का मीठापुर छोर शामिल है।

लोकार्पण समारोह में पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन, सांसद रविशंकर प्रसाद, विधायक संजीव चौरसिया, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी एवं पथ निर्माण के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत भी शामिल रहे। मुख्यमंत्री ने इन परियोजनाओं में योगदान देने वाले अधिकारी, अभियंता, संवेदक एवं दो दिवंगत अभियंताओं के परिजनों को सम्मानित किया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जेपी के जन्मदिवस पर 11 अक्टूबर, 2013 को काम की शुरुआत हुई थी। 3831 करोड़ की लागत से बन रहे जेपी गंगा पथ फेज वन की दूरी (दीघा से दीदारगंज) बीस किलोमीटर है। इसका एक हिस्सा बनकर तैयार हुआ है। विभाग के अधिकारियों ने आश्वस्त किया है कि जेपी गंगा पथ फेज वन के शेष हिस्से का निर्माण 2024 केे शुरू में पूरा हो जाएगा।

अटल पथ फेज टू का भी लोकार्पण हो चुका है। अटल पथ को जेपी गंगा पथ से भी जोड़ दिया गया है। गांधी मैदान एवं पीएमसीएच तक अब लोग काफी कम समय में पहुंच सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जेपी गंगा पथ के दूसरे फेज बनाने का मन हमलोग बना चुके हैं। इससे हर तरफ जाने में लोगों को सहूलियत होगी। पटना का पुराना नाम पाटलिपुत्र है। यह सब जब बन जाने पर नई पीढ़ी के लोग ढाई हजार साल पुराने इतिहास को याद कर सकेंगे। जरूरत पड़ी, तो खुदाई भी कराएंगे।

 

 

 


संबंधित खबरें