पटना। एआईएमआईएम के पांच में से चार विधायक 29 जून को आरजेडी में शामिल हो गए। 80 विधायकों के साथ आरजेडी अब विधानसभा में सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। 2020 बिहार विधानसभा चुनाव में असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम को सीमांचल क्षेत्र की कोचाधामन, जोकीहाट, बायसी, अमौर एवं बहादुरगंज सीट पर सफलता मिली थी।
चारों विधायकों ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के साथ विधानसभा अध्यक्ष विजय सिन्हा को अपना समर्थन पत्र सौंप दिया। समर्थन देने वालों में विधायक इजहार असफी, अंजार नईमी, रुकनुदीन अहमद एवं शाहनवाज आलम हैं। एआईएमआईएम में अब प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल इमान रह गए हैं।
2020 विधानसभा चुनाव में आरजेडी को 75 सीट मिली थी। बोचहां विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी की हार के बाद आरजेडी की सदस्य संख्या 76 हो गई। एआईएमआईएम के चार विधायकों के शामिल होने से संख्या 80 पहुंच गई है।
29 जून घटनाक्रम के बाद 243 सीट की बिहार विधानसभा में सदस्यों की संख्या अब इस तरह है।
भाजपा -77, जदयू - 45, हम - 4, निर्दलीय-1
एआईएमआईएम-1, आरजेडी- 80, कांग्रेस-19, वामदल- 16