मुख्य समाचार

द्रौपदी मुर्मू भारी मतों से होंगी विजयी : सीएम

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि मुझे पूरा भरोसा है कि राष्ट्रपति पद के लिए एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू भारी मतों से विजयी होंगी। होटल मौर्या में द्रौपदी मुर्मू के समर्थन को लेकर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि एनडीए के सभी दल आपका समर्थन करेंगे। साथ ही अन्य दल के लोग भी आपको वोट देंगे। आप बिहार आयी हैं। मैं आपका अभिनंदन करता हूं।

द्रौपदी मुर्मू ने अपने संबोधन में बिहार के गौरवशाली अतीत के साथ बिहार के प्रति अपने लगाव की चर्चा की। उन्होंने समर्थन के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आभार व्यक्त करते हुए एनडीए के सभी सांसद एवं विधायकों को धन्यवाद दिया।  

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक आदिवासी महिला राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार बनायी गयी हैं। यह बड़ी बात है। हम सब आपको आश्वस्त करते हैं कि बहुमत से आप की जीत होगी। सभी लोग ठीक ढंग से वोटिंग करते हुए आपकी जीत सुनिश्चित करेंगे।

वर्ष 1912 में बंगाल से अलग होने के बाद बिहार और उड़ीसा एक ही प्रांत था। द्रौपदी मुर्मू उड़ीसा की रहनेवाली हैं। इस तरह वे बिहार की ही हुईं। यह बिहारवासियों के लिए खुशी की बात है। द्रौपदी मुर्मू ने उड़ीसा की विधायक और मंत्री के रूप में अपने दायित्वों का बेहतर निवर्हन किया था। साथ ही झारखंड के राज्यपाल के रूप में भी उनकी भूमिका सराहनीय रही है।

कार्यक्रम को केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत एवं पशुपति कुमार पारस, उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद एवं रेणु देवी, जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल एवं हम पार्टी के संस्थापक सह पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनेवाल, नित्यानंद राय एवं अश्विनी कुमार चौबे, बिहार विधान परिषद् के कार्यकारी सभापति अवधेश नारायण सिंह,कई मंत्री, पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री तरुण चुघ, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा एवं कई जनप्रतिनिधि मौजूद थे।


संबंधित खबरें