मुख्य समाचार

ब्रह्मेश्वर मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्य का शिलान्यास

बक्सर/पटना। बक्सर जिला के ब्रह्मपुर स्थित ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर के विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शिलान्यास किया। इस कार्य की लागत 8.74 करोड़ है।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बाबा ब्रहमेश्वर नाथ मंदिर परिसर के समीप पांच एकड़ में स्थित प्राचीन तालाब का जीर्णोद्धार, मंदिर परिसर की घेराबंदी, दर्शन के लिए कतार प्रबंधन, सार्वजनिक शौचालय का जीर्णोद्धार, अनुपयोगी संरचनाओं को हटाना, भव्य स्वागत द्वार का निर्माण एवं विद्युतीकरण का कार्य किया जाएगा। पर्यटन विभाग इन कार्यों को एक साल के अंदर पूरा करेगा।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा ब्रहमेश्वर नाथ मंदिर भगवान शिव का प्राचीन मंदिर है। इस मंदिर का काफी महत्व है। ऐसी मान्यता है कि भगवान ब्रह्मा ने इस मंदिर की स्थापना की थी। इस कारण इस मंदिर का नाम ब्रहमेश्वर नाथ मंदिर पड़ा है। बक्सर के रामरेखा घाट से गंगाजल लेकर श्रद्धालु सावन के महीने में यहां जलाभिषेक करने के लिए आते हैं। उन्होंने कहा कि मंदिर के विकास एवं सौंदर्यीकरण का कार्य पूरा हो जाने पर सभी को सहूलियत होगी।

कार्यक्रम को उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, पर्यटन मंत्री नारायण प्रसाद एवं पर्यटन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री सह बक्सर जिला के प्रभारी मंत्री मंगल पांडेय, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड के एमडी कंवल तनुज भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे, विधान परिषद के कार्यकारी सभापति अवधेश नारायण सिंह, झारखंड हाई कोर्ट के जस्टिस डॉ. एसएन पाठक, जमशेदपुर के विधायक सरयू राय एवं कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

 


संबंधित खबरें