पटना। आयकर दिवस पर प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त एवं आयकर महानिदेशक कार्यालयों में कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस मौके पर केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) से अनुशंसित बिहार के दो आयकरदाताओं को सम्मानित एवं आयकर बिहार पत्रिका का विमोचन किया गया। राजस्व भवन स्थित रिनोवेटेड टेक्सपेयर्स चार्टर्ड सेल एवं मनोहर शिशु गृह का उद्घाटन आयकर महानिदेशक (अन्वेषण) राजीव मेहरोत्रा एवं मुख्य आयकर आयुक्त राजीव सिन्हा ने किया।

आयकर अधिकारियों ने मध्य कन्या विद्यालय, अनिसाबाद के बच्चों को सीबीडीटी से मिले खेल सामान एवं स्टेशनरी सामान भी दिया। खेल सामग्रियों में सांप, सीढ़ी और टैक्स, भारत का निर्माण और इंडिया गेट हैं। सीबीडीटी ने कर साक्षरता फैलाने के लिए खेल के जरिए एक अभिनव दृष्टिकोण अपनाया है। इस मौके पर आयकर आयुक्त एचके लाल, अपर आयुक्त पल्लवी, उपायुक्त एमके प्रभात एवं आयकर अधिकारी आरके निराला मौजूद रहे।