पटना। आजादी के अमृत महोत्सव को यादगार बनाने के लिए आयकर विभाग (बिहार-झारखंड) 15 अगस्त से आपका पेड़, आपका परिवार अभियान शुरू करने जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाना है।
पौधारोपण अभियान के तहत लगाए गए पौधों की देखभाल अपने परिवार के सदस्य की तरह करनी है। देखभाल में मुख्य भूमिका आयकर परिवार के बच्चों की होगी। प्रत्येक पौधे के लिए वृक्ष संरक्षक की घोषणा की जाएगी। नीम, बरगद एवं पीपल जैसे छायादार पेड़ लगाए जाएंगे।
पटना स्थित केंद्रीय राजस्व कॉलोनी सलीमपुर डुमरा, आशियाना दीघा रोड से अभियान की शुरुआत होगी। दो अक्टूबर, 2022 को रांची, जमशेदपुर एवं बोकारो, 31 अक्टूबर को मुजफ्फरपुर, दरभंगा एवं पूर्णिया और 26 जनवरी, 2023 को हजारीबाग एवं धनबाद में पौधारोपण कार्यक्रम होगा।
15 अगस्त, 2023 तक बिहार एवं झारखंड के अन्य जगहों पर भी इस अभियान को किया जाएगा। आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर कॉलोनियों में कम से कम 75 पौधे लगाए जाएंगे।