नई दिल्ली। राजस्थान के सीकर जिले स्थित खाटू श्यामजी मंदिर में सोमवार की अहले सुबह भगदड़ मचने से तीन महिलाओं की मौत हो गई एवं कई लोग घायल हो गए। मंदिर के पट खुलते ही दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में भगदड़ मच गई। तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। खाटू श्यामजी के दर्शन के लिए रविवार की रात से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार लग गई थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एवं पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने घटना पर दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने कहा है कि खाटू श्यामजी मंदिर परिसर में भगदड़ से लोगों की मौत से दुःखी हूं। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवार के साथ हैं। मैं ईश्वर से घायल लोगों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।