मुख्य समाचार

बिहार को पोटाश एवं क्रोमाइट खनिज के चार ब्लॉक आवंटित

पटना/नई दिल्ली। खान,कोयला एवं संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने राज्यसभा में बताया कि बिहार में अब तक संभावित संसाधनों वाले पोटाश के तीन एवं क्रोमाइट खनिज के एक ब्लॉक की पहचान की गई है। इन्हें राज्य सरकार को सौंपा गया है। राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी के एक प्रश्न के जवाब में केंद्रीय मंत्री ने यह जानकारी दी।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि पोटाश खनिज का कैमूर जिले के नवाडीह में एक एवं टिपा में 2 ब्लॉक और रोहतास के शाहपुर में एक ब्लॉक आवंटित किया गया है। औरंगाबाद एवं गया जिले के गेनजना में क्रोमाइट, निकल और प्लेटिनम ग्रुप ऑफ एलिमेंट्स का एक ब्लॉक बिहार को मिला है।

इन ब्लॉकों को संयुक्त लाइसेंस के रूप में नीलामी के लिए बिहार सरकार को सौंपा गया है। राष्ट्रीय मिनरल एक्सप्लोरेशन ट्रस्ट (एनएमईटी) सफल नीलामी के लिए राज्य सरकार को प्रति ब्लॉक 20 लाख रूपए का प्रोत्साहन देता है।

असफल नीलामी के मामले में एनएमईटी प्रति ब्लॉक पांच लाख तक की नीलामियों की पचास प्रतिशत लागत की प्रतिपूर्ति भी करता है। केंद्र सरकार ने नीलामी के लिए 20 राज्यों को विभिन्न खनिजों के 252 जी 4 (टोही सर्वेक्षण) ब्लॉक सौंपे हैं।

 

 


संबंधित खबरें