पटना। नीतीश कुमार ने आठवीं बार मुख्यमंत्री के रूप में एवं तेजस्वी प्रसाद यादव ने दूसरी बार डिप्टी सीएम पद की शपथ ली। राज्यपाल फागू चौहान ने राजभवन स्थित राजेंद्र मंडप में दोनों को शपथ दिलाई। तेजस्वी इससे पहले 20 नवंबर 2015 से 26 जुलाई 2017 तक डिप्टी सीएम रहे थे।
महागठबंधन सरकार के अन्य मंत्रियों का शपथ ग्रहण आज नहीं हुआ है। लिस्ट फाइनल होने के बाद अन्य मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी। शपथ लेने के बाद तेजस्वी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पांव छूकर आशीर्वाद लिया।

बीजेपी शपथ ग्रहण समारोह से दूर रही। समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी एवं जीतन राम मांझी, विधायक तेज प्रताप यादव, डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव की पत्नी राजश्री, जदयू के राजीव रंजन सिंह, उपेंद्र कुशवाहा एवं उमेश कुशवाहा, कांग्रेस के मदन मोहन झा, महाधिवक्ता ललित किशोर, महागठबंधन के विधायक, पार्षद एवं कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
नीतीश ने कब-कब ली मुख्यमंत्री पद की शपथ : 3 मार्च 2000 (सिर्फ सात दिनों के लिए), 24 नवंबर 2005, 26 नवंबर 2010, 22 फरवरी 2015, 20 नवंबर 2015, 27 जलाई 2017, 16 नवंबर 2020, 10 अगस्त 2022