मुख्य समाचार

10 लाख रोजगार देने के लिए पूरा प्रयास करेंगे : सीएम

पटना। डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के दस लाख रोजगार देने के वादे संबंधित प्रश्न के जवाब में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि हमलोग इसके लिए पूरा प्रयास करेंगे। अधिक से अधिक रोजगार देने के लिए काम किया जा रहा है। सात निश्चय के तहत कई कार्य किए गए हैं। वर्ष 2015-16 में जो तय किया था, उसके अलावा और कई काम किए गए हैं। इसके सेकेंड फेज का काम हो रहा है। तेजस्वी यादव को जेड प्लस सुरक्षा देने पर उन्होंने कहा कि इस पर किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए। वे उप मुख्यमंत्री हैं।

राजधानी वाटिका-एक में पाटलि वृक्ष को रक्षा सूत्र बांधने के बाद मुख्यमंत्री पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। केंद्रीय राजस्व में राज्य की हिस्सेदारी के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि देश संविधान के मुताबिक चलता है। संवैधानिक प्रावधानों के तहत केंद्र और राज्यों की अपनी-अपनी जिम्मेदारी निर्धारित है। सीबीआई और ईडी की कार्रवाई पर उन्होंने कहा कि जो भी किसी चीज का दुरुपयोग करेगा, जनता एक-एक चीज को समझकर निर्णय लेगी।

प्रधानमंत्री पद का चेहरा बनाए जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरे मन में ऐसी कोई बात नहीं है। हम कोशिश करेंगे कि सभी विपक्ष वाले एक साथ मिलकर चलें, तो बहुत अच्छा होगा। अच्छा वातावरण रहे। इसके लिए सब मिलकर कोशिश करेंगे। हमलोग सभी को एकजुट करना चाहेंगे। इस सबंध में बहुत लोगों का फोन आ रहा है।

 


संबंधित खबरें