मुख्य समाचार

दो करोड़ से अधिक रोजगार दे रहा केंद्र, 10 लाख नौकरी का वादा निभाए आरजेडी

पटना। पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि भाजपा ने संसदीय चुनाव से पहले दो करोड़ लोगों को रोजगार देने का वादा किया था। केंद्र सरकार रेलवे, सड़क, हवाई अड्डा और बंदरगाह जैसे ढांचागत निर्माण पर लाखों करोड़ रुपए खर्च कर हर साल दो करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार भी दे रही है।

सुशील मोदी ने कहा कि भाजपा ने सरकारी नौकरी नहीं बल्कि रोजगार का वादा किया था और उसे पूरा कर रहे हैं। दूसरी तरफ जिन्होंने बिहार में महागठबंधन सरकार बनने पर पहली कलम से दस लाख सरकारी नौकरी देने का वादा किया था। वे पहली कैबिनेट के बाद अपने वादे से मुुकर रहे हैं।

रोजगार सृजन के साथ तीन साल में 7.70 लाख लोगों को सरकारी नौकरी भी केंद्र सरकार ने दी है। अगले 18 महीनों में 10.5 लाख लोगों को नौकरी मिलना तय है। उन्होंने कहा कि मुद्रा योजना के तहत 10 लाख रुपये तक ऋण 35.94 करोड़ लोगों को दिया गया। क्या इससे रोजगार पैदा नहीं हुए ?

सुशील मोदी ने कहा कि सरकार उत्पादकता आधारित प्रोत्साहन योजना (पीएलआइ) पर 1.97 लाख करोड़ रुपये खर्च कर रही है। इससे 60 लाख रोजगार सृजित होंगे। इसके साथ ही मनरेगा, पीएम रोजगार सृजन योजना जैसे दो दर्जन से ज्यादा कार्यक्रम लागू किए जा रहे हैं।

केंद्र सरकार के चौतरफा प्रयास से देश में बेरोजगारी दर छह फीसदी से घट कर 4.2 पर आ गई है। हमने रोजगार का वादा निभाया है। अब आरजेडी 10 लाख लोगों को सरकारी नौकरी देने के वादे से मुकरने की बहानेबाजी से बाज आए।

 


संबंधित खबरें