पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य सरकार सात निश्चय-2 के तहत युवाओं को नौकरी एवं रोजगार देने के लिए पूरा प्रयास करेगी। सरकारी नौकरियों में रिक्त पदों पर तेजी से बहाली हो रही है। हमारी इच्छा है कि 20 लाख युवाओं को नौकरी और रोजगार देने की व्यवस्था करें। इसके लिए हर जगह काम करेंगे । ऐतिहासिक गांधी मैदान में 76वें स्वतंत्रता दिवस पर झंडोत्तोलन के बाद मुख्यमंत्री प्रदेशवासियों को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर खेत तक सिंचाई का पानी पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। जल संसाधन, लघु जल संसाधन, ग्रामीण विकास, कृषि, ऊर्जा एवं पंचायती राज विभागों ने सर्वेक्षण कर योजना बनायी है। कई स्थानों पर इसका क्रियान्वयन शुरू हो गया है।
इस वर्ष मानसून की बेरूखी के कारण सूखे की स्थिति हुई है। 14 अगस्त तक धान की रोपाई 80 प्रतिशत हो सकी है। सूखे से निपटने के लिए किसानों को बिचड़ा एवं फसल की सिंचाई के लिए डीजल अनुदान 60 रुपए से बढ़ाकर 75 रुपए प्रति लीटर किया गया है।
डीजल अनुदान के लिए अभी तक लगभग एक लाख आवेदन मिले हैं। इनमें 48 हजार 506 आवेदनों का सत्यापन और 11 हजार 243 किसानों को डीजल अनुदान मिल चुका है। सभी इच्छुक लोगों को इसका भुगतान किया जाएगा।

सीएम ने कहा कि कृषि कार्यों के लिए बिजली दर पहले ही घटाकर 65 पैसे प्रति यूनिट कर दी गई है। कृषि के लिए प्रतिदिन सोलह घंटे बिजली की निर्बाध आपूर्ति की जा रही है। कृषि कार्य से जुड़े ट्रांसफॉर्मर खराब होने पर उन्हें शीघ्र बदला जा रहा है।
जो किसान धान की रोपणी नहीं कर सकेंगे। उनके लिए आकस्मिक फसल योजना के तहत कम अवधि की फसल जैसे मक्का, कुल्थी, उड़द, तोरिया, मटर एवं भिंडी के बीज निःशुल्क उपलब्ध कराने की तैयारी की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के खजाने पर आपदा पीड़ितों का पहला अधिकार है। हर आपदा पीड़ित को सहायता दी जाती है। इससे निपटने के लिए विद्यालयों में कई तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाये जा रहे हैं।
बिहार में कानून का राज स्थापित है। हमारा उद्देश्य है कि कोई भी अपराधी बच न सके। इसलिए हर थाने के कार्य को दो हिस्सों में बांटा गया है। एक में केस का अनुसंधान और दूसरे हिस्से में विधि-व्यवस्था को रखा गया है। हाल ही में आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए डायल 112 सेवा शुरू की गई है।
सबके लिए अतिरिक्त स्वास्थ्य सुविधा की व्यवस्था की गई है। गांवों में स्वास्थ्य उपकेंद्रों को बेहतर बनाकर टेलीमेडिसिन से लोगों को चिकित्सा सलाह दी जा रही है। पिछले वर्ष से हृदय में छेद के साथ जन्मे बच्चों को निःशुल्क उपचार के लिए बाल हृदय योजना शुरू की गई है।
इसके अंतर्गत अब तक 443 बच्चों का प्रशांति फाउंडेशन के सहयोग से अहमदाबाद शहर के सत्य साईं अस्पताल में इलाज हो चुका है। पशुओं के लिए हर 8-10 पंचायतों पर एक पशु अस्पताल की व्यवस्था की जा रही है।