पटना। जदयू विधायक बीमा भारती के मंत्री लेशी सिंह के विरोध में दिए गए बयान पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नाराजगी जतायी है। उन्होंने कहा कि इस तरह की बात नहीं बोलनी चाहिए। इसकी गुंजाइश नहीं है कि सभी को मंत्री बनाया जाए।
लेशी सिंह को मंत्री बनाया जाना ठीक है। लेशी सिंह वर्ष 2013, 2014 और 2019 में मंत्री बनीं। इस बार भी वह मंत्री बनी हैं। बीमा भारती को भी वर्ष 2014 और 2019 में मंत्री बनाया गया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीमा भारती से पार्टी बात करेगी। अगर कोई बयान देता है, तो पहले पार्टी की ओर से समझाया जाएगा। अगर वह नहीं समझती हैं,तो पार्टी कार्रवाई करेगी। कोई उनसे कुछ कहवा रहा है। यह गलत है। कहीं जाना है, तो वह देख ले।
बीमा भारती के आरोप : विधायक लेसी सिंह को मंत्री बनाए जाने से बीमा भारती काफी नाराज हैं। उन्होंने कहा है कि अगर मंत्री पद से लेसी सिंह को नहीं हटाया गया तो, वह जदयू से इस्तीफा दे देंगी। आखिर लेसी सिंह को बार-बार क्यों मंत्री बनाया जाता है। उनमें क्या काबलियत है। उनपर पर कई गंभीर आरोप हैं। बीमा भारती और लेसी सिंह क्रमशः पूर्णिया जिले के रुपौली और धमदाहा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करतीं हैं।