पटना। गंगा नदी के किनारे वाले क्षेत्रों में बढ़ते जल स्तर को देखते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूरी तरह अलर्ट रहने का निर्देश दिया है। उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि सारी तैयारी पूरी रखें। जल संसाधन एवं आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को बताया कि सोन नदी के जल स्तर बढ़ने के कारण गंगा का भी जल स्तर बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने सड़क मार्ग से पटना के समीप गंगा के बढ़ते जल स्तर का जायजा लिया। उन्होंने आसपास के इलाकों की जानकारी ली। इस दौरान बिहार आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ उदयकांत मिश्रा, डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह एवं एसएसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो भी मौजूद रहे।