पटना सिटी। कुटीर, सूक्ष्म एवं लघु प्रक्षेत्र के उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए पटना सिटी के अरोड़ा हाउस में उद्योग संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पटना सिटी एरिया के उद्यमी, एसबीआई, सेंट्रल बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, सिडबी, उद्योग एवं कृषि विभाग, एमएसएमई विकास कार्यालय पटना के वरीय अधिकारियों ने भाग लिया।
उद्योग संवाद सह जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (बीआईए) ने किया है। आउटरिच प्रोग्राम के तहत पटनासिटी से इसकी शुरुआत की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार की प्रोत्साहन नीतियों से उद्यमियों को अवगत कराना है।

उद्योग विभाग के विशेष सचिव दिलीप कुमार ने राज्य सरकार की विभिन्न नीतियों की चर्चा की। कृषि विभाग की टेक्निकल टीम की पूजा शर्मा ने बिहार कृषि निवेश प्रोत्साहन नीति एवं प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना की जानकारी दी। एसबीआई, इंडियन बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया एवं सिडबी के अधिकारियों ने सूक्ष्म एवं लघु प्रक्षेत्र के उद्यम एवं व्यवसाय को प्रोत्साहित करने के लिए बैंक के कार्यक्रमों की जानकारी दी।
बीआईए के अध्यक्ष अरुण अग्रवाल एवं महासचिव आशीष रोहतगी ने भी अपने विचारों को रखा। पटना साहिब उद्यम विकास संगठन के अध्यक्ष रंजीत कुमार जायसवाल ने उद्यमियों को हो रही कठिनाइयों पर अपने अनुभवों को साझा किया।
