पटना। पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से बिहार के खान एवं भूतत्व मंत्री रामानंद यादव को कानूनी नोटिस भेजा है। रामानंद यादव ने आरोप लगाया है कि उप मुख्यमंत्री रहते सुशील कुमार मोदी ने दबंगई का प्रयोग करते हुए क्रिश्चियन समुदाय की जमीन पर कब्जा कर खेतान मार्केट और लोदीपुर मॉल का निर्माण करा लिया।
नोटिस में कहा गया है कि खान एवं भूतत्व मंत्री खेतान मार्केट और लोदीपुर के निर्माणाधीन मॉल से जुड़े दस्तावेज एक सप्ताह में सार्वजनिक करें अन्यथा सार्वजनिक क्षमा याचना करें। ऐसा नहीं करने पर कोर्ट में मानहानि का मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
अधिवक्ता रत्नेश कुशवाहा ने कहा है कि खेतान मार्केट एवं लोदीपुर के मॉल की जमीन एवं उसके निर्माण से सुशील मोदी का दूर-दूर तक कोई संबंध नहीं है। अधिवक्ता का कहना है कि यह समाचार सभी प्रमुख समाचार पत्र एवं न्यूज चैनल पर प्रमुखता से प्रसारित हुआ। इस कारण मेरे मुव्किल की छवि धूमिल हुई है।