पटना। युवाओं के बिजनेस आइडिया को बिजनेस मॉडल में बदलने के उद्देश्य से बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (बीआईए) एक प्रतियोगिता का आयोजन कर रहा है। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए युवाओं को अपना आइडिया लिखित रूप से बीआईए को भेजना है। जांच के बाद सर्वश्रेष्ठ तीन बिजनेस आइडिया को नगद पुरस्कार से सम्मानित एवं इसे आगे बढ़ाने के लिए हैंड होल्डिंग सपोर्ट भी मिलेगा ।
इसके अलावा पचास बिजनेस आइडिया को सपोर्ट मिलेगा। इससे युवा अपना उद्यम अपने बिजनेस आइडिया के आधार पर लगा सकेंगे। बीआईए ने उद्यम लगाने के इच्छुक युवाओं से प्रतियोगिता में शामिल होने की अपील की है।
महासचिव आशीष रोहतगी ने बताया कि बीआईए का अगला आउटरीच कार्यक्रम छह सितंबर को बिहटा स्थित नेताजी सुभाष इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में होने जा रहा है। इस कड़ी का पहला कार्यक्रम 27 अगस्त को पटना सिटी में हुआ था। इसमें काफी संख्या में क्षेत्र के उत्साही युवा शामिल हुए। पूरे राज्य में सूक्ष्म एवं लघु क्षेत्र के उद्योगों के विकास के लिए जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
