मुख्य समाचार

किन्नर समुदाय को हर क्षेत्र में बढ़ावा देने की जरूरत

पटना। उप विकास आयुक्त तनय सुल्तानिया ने कहा कि किन्नर समुदाय के सदस्यों को हर क्षेत्र में बढ़ावा देने की जरूरत है। किन्नर महोत्सव में ट्रांसजेंडर समुदाय की प्रस्तुति सराहनीय थी। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों से अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने का निर्देश दिया। साथ ही एक नियमित अंतराल पर इस तरह के कार्यक्रम के आयोजन पर भी जोर दिया। विकास भवन में ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए जिला स्तरीय संवेदीकरण सह उन्मुखीकरण कार्यक्रम का अयोजन किया गया था।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि समुदाय के अधिक से अधिक लोगों को योजना का लाभ दिलाने के लिए प्रयास किया जाएगा। जिला बाल संरक्षण इकाई के सहायक निदेशक उदय कुमार झा ने बताया कि एक ट्रांसजेंडर व्यक्ति की लिंग पहचान जन्म के समय से अलग होती है। ये समुदाय प्रतिदिन दुर्व्यवहार का सामना करते हैं और अपने जीवन को आगे बढ़ाने के लिए काफी संघर्ष करते हैं।

राष्ट्रीय ट्रांसजेंडर परिषद की विशेषज्ञ सदस्य रेशमा प्रसाद ने ट्रांसजेंडर अधिनियम, 2019 की विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि इस कानून का पालन कराने के लिए जिले में नोडल कार्यालय जिला बाल संरक्षण इकाई है। अधिनियम का अनुुपालन नहीं करने पर छह महीने से लेकर दो वर्षों की सजा एवं आर्थिक दंड का भी प्रावधान है। ट्रांसजेंडर व्यक्तियों की पहचान शरीर से नहीं बल्कि उसके मन से होता है।

 


संबंधित खबरें