नई दिल्ली। वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने दुनिया भर में फैले भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट से कहा कि वे ब्रांड इंडिया के दूत बनें। अमेरिका में छह क्षेत्रों में इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेन्ट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) शुरू करने के बाद वे सैन फ्रांसिस्को में एक समारोह को संबोधित कर रहे थे। अच्छा काम करने के लिए उन्होंने आईसीएआई के पदाधिकारियों को बधाई भी दी।
गोयल ने कहा कि अगले 25 वर्ष का समय भारत के लिए बहुत महत्त्वपूर्ण है। आईसीएआई की भी भारत की इस यात्रा में अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि वे उस दिन की प्रतीक्षा कर रहे हैं, जब आईसीएआई के एक सौ अंतरराष्ट्रीय कार्यालय हो जाएंगे। चार्टर्ड अकाउंटेंट सत्यनिष्ठा के संरक्षक हैं। सीए के हस्ताक्षर की कीमत के कारण उनका काम और भी गंभीर हो जाता है।
उन्होंने अकाउंटेंट्स की 21वीं वर्ल्ड कांग्रेस का उल्लेख किया। इसका आयोजन पहली बार नवंबर, 2022 को मुंबई में हुआ था। भारत तेजी से विकसित होते देशों में शामिल हो गया है। उन्होंने कहा कि 2014 से भारत में मुद्रास्फीति औसतन 4.5 प्रतिशत रही है।
भारत में चार्टर्ड अकाउंटेंसी फर्मों से उन्होंने आग्रह किया कि वे वैश्विक साझेदारियां विकसित करें तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर की फर्म बनें। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्ववर्तियों ने विश्वास, सत्यनिष्ठा और उच्च मानकों की जो महान विरासत हमारे लिए छोड़ी है। वह विरासत हमें हमेशा प्रेरित करती रहे ताकि हम विश्वास की उस कसौटी पर खरे उतरें, जो दुनिया हम पर करती है।