मुख्य समाचार

60 दिनों में बेहतर स्वास्थ्य सेवा बहाल करने का निर्देश

पटना। बिहार के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सदर अस्पताल और मेडिकल कॉलेजों में स्वास्थ्य सेवा में सुधार के लिए साठ दिनों का समय डिप्टी सीएम सह स्वास्थ्यमंत्री तेजस्वी यादव ने दिया है। स्वास्थ्य विभाग से जुड़े सभी अधिकारी एवं चिकित्सकों से उन्होंने कहा है कि किसी तरह की वित्तीय अनियमितता और भ्रष्टाचार हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। आपके परफॉरमेंस के आधार पर आपकी सेवा का मूल्यांकन होगा।

स्वास्थ्यमंत्री ज्ञान भवन में विभाग के शीर्ष अधिकारी और चिकित्सकों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में अपर मुख्यसचिव प्रत्यय अमृत, सचिव सह खाद्य सुरक्षा आयुक्त के. सेंथिल कुमार, सभी सिविल सर्जन, मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल के प्राचार्य एवं अधीक्षक मौजूद रहे।

डिप्टी सीएम सह स्वास्थ्यमंत्री ने कहा कि हम बिहार में स्वास्थ्य सेवा को और अधिक बेहतर बनाते हुए जरूरतमंद की मदद करने के लिए संकल्पित हैं। हमने सभी को अपने नेक इरादों से अवगत करा दिया है। स्वास्थ्य सेवा में सुधार के लिए साठ दिनों का समय आपको दिया गया है। इसमें सफाई, दवाई, सुनवाई और कारवाई शामिल है।

किसी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सदर एवं बड़े अस्पतालों में 24 घंटे सक्षम स्टाफ के साथ हेल्प और कंप्लेन डेस्क तैयार करना, मरीजों को एंबुलेंस एवं शव वाहन उपलब्ध कराना एवं मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया को सरल बनाना है। जहां मानव संसाधन की कमी है, वहां तत्काल पूर्ति की जाए। रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया में तेजी लाएं।

 


संबंधित खबरें