पटना । पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने कहा कि अपराधियों के बचाव में पीरबहोर थाना पहुंच कर डीएसपी की वर्दी फाड़ने वाला शख्स आरजेडी के पूर्व एमएलसी अनवर अहमद का बेटा अशरफ अहमद था।
अनवर अहमद अपने दबंग बेटे को बचाने थाना पहुंचे थे। वहां उन्होंने पुलिस से गाली-गलौज की, धमकियां दी, लेकिन राजनीतिक दबाव में उन्हें थाने से ही जाने दिया गया। ऐसे मामले में पूर्व एमएलसी अनवर अहमद की तुरंत गिरफ्तारी होनी चाहिए।
सुशील मोदी ने कहा कि लालू प्रसाद ने राज्यपाल कोटे से अनवर अहमद को एमएलसी बनवाया था। यही अनवर अहमद उस अवामी को-ऑपरेटिव बैंक के चेयरमैन थे, जिसने नोटबंदी के समय बेनामी खातों के जरिये सौ से ज्यादा लोगों के कालेधन को सफेद किया। अनवर अहमद के आर्थिक अपराधों के चलते उनके कई ठिकानों पर आयकर और सीबीआई के छापे पड़े थे।