मुख्य समाचार

केंद्र में सरकार बनी, तो पिछड़े राज्यों को मिलेगा विशेष दर्जा

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि अगर केंद्र में अगली बार सरकार बनाने का हमें मौका मिला, तो पिछड़े राज्यों को विशेष राज्य का दर्जा मिलेगा। हम सिर्फ बिहार की बात नहीं कर रहे हैं, कुछ अन्य पिछड़े राज्यों की भी बात कर रहे हैं।

विशेष राज्य के दर्जे की मांग हम लगातार कर रहे हैं और करते रहेंगे। बिहार को विशेष राज्य का दर्जा मिल गया होता, तो और ज्यादा विकास होता। ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के शुभारंभ के बाद मुख्यमंत्री पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे।

बेगूसराय गोलीबारी मामले पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वहां के पुलिस अधिकारी एक-एक चीज पर नजर रखे हुए हैं। सभी पहलुओं की जांच हो रही है। कौन कहां गड़बड़ किया है। सब पता चल जाएगा। गोवा में कांग्रेस विधायकों के भाजपा में शामिल होने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सोच लीजिए, कौन अलग करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की सभी पंचायतों में सोलर लाइट लगाने की योजना है। हर वार्ड में दस सोलर स्ट्रीट लाइट के अलावा सार्वजनिक स्थलों पर भी दस अतिरिक्त सोलर स्ट्रीट लाइट लगाए जाएंगे। ब्रेडा से चयनित एजेंसियों के माध्यम से पांच वर्षों तक इसका मेंटेनेंस भी किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने सभी पंचायत जनप्रतिनिधियों से कहा कि आप बेहतर काम करेंगे, तो आपकी लोकप्रियता बढ़ेगी। हमलोग काम में विश्वास करते हैं, लेकिन प्रचार-प्रसार उल्टा हो रहा है। आपसे आग्रह है कि सभी लोग एक दूसरे से मिल-जुलकर रहें। जहां जो कमी है उसकी सूचना अधिकारियों को दें।

कार्यक्रम को उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव, पंचायती राज मंत्री मुरारी प्रसाद गौतम, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, पंचायती राज विभाग के प्रधान सचिव मिहिर कुमार सिंह, ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव संजीव हंस एवं ब्रेडा के निदेशक महेंद्र कुमार ने भी ने भी संबोधित किया।

 

 


संबंधित खबरें