मुख्य समाचार

बेगूसराय गोलीबारी की जांच सीबीआई को सौंपे सरकार : मोदी

पटना/बेगूसराय। पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने कहा कि बेगूसराय में एनएच पर 30 किलोमीटर तक बेरोक-टोक गोलीबारी करने की अभूतपूर्व घटना की जांच सीबीआई से कराई जानी चाहिए।  इस मामले में बिहार पुलिस की अब तक की जांच संतोषजनक नहीं है।  

मोदी ने कहा कि बेगूसराय और पटना में पुलिस ने जो जानकारी दी है। उसमें काफी विरोधाभास और अस्पष्टता है। पुलिस यह नहीं बता पायी कि पकड़े गए चार लोगों में मोटरसाइकिल सवार अपराधियों में से कोई है या नहीं ? जिसने गोली चलायी, वह कौन था ?

पुलिस ने पहले जो फुटेज जारी किया। उसमें केवल एक बाइक पर दो सवार थे। बाद में जारी फुटेज में दो बाइक पर चार लोग सवार दिखे। उन्होंने कहा कि इतने गंभीर मामले में मीडिया के सभी सवालों का जवाब दिए बिना हड़बड़ी में प्रेस ब्रीफिंग खत्म करने से लगा कि पुलिस के पास पुख्ता जानकारी नहीं है या वह कुछ छिपाना चाहती है।

मोदी ने कहा कि बेगूसराय कांड की जांच करने में बिहार पुलिस सक्षम नहीं है। इसलिए इसे तुरंत सीबीआई को सौंपा जाना चाहिए। केवल दहशत फैलाना ऐसी गोलीबारी का मकसद नहीं हो सकता है। सप्ताह भर पहले बेगूसराय में डेढ़ करोड़ रुपए की शराब पकड़ी गई थी। इसलिए शराब माफिया से भी संबंध हो सकता है।

 


संबंधित खबरें