आरा। बेगूसराय गोलीबारी मामले में सीबीआई और एनआईए से जांच के संबंध में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि घटना जहां होती है, स्थानीय पुलिस उसकी जांच करती है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी। जल्द ही सारी बातें सामने आ जाएंगी। मुख्यमंत्री भोजपुर जिला के कोईलवर में मानसिक स्वास्थ्य एवं विज्ञान संस्थान परिसर के उद्घाटन के बाद पत्रकारों के सवाल का जवाब दे रहे थे।
उन्होंने कहा कि अगर किसी को मानसिक स्वास्थ्य की समस्या है, तो बिहार राज्य मानसिक स्वास्थ्य एवं सहबद्ध विज्ञान संस्थान कोईलवर, भोजपुर में आकर इलाज करा सकता है। यहां इलाज बहुत ही अच्छे ढंग से होगा। यह बहुत ही भव्य और सुंदर बना है। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री सह स्वास्थ्य मंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव, सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री संजय कुमार झा, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी एवं अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत भी मौजूद रहे।
