मुख्य समाचार

जेम पोर्टल सुविधाजनक, सरकारी खरीद में भाग लेना हुआ आसान

पटना। बिहार सरकार के विभिन्न विभागों ने गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (जेम) पोर्टल से अबतक 41 सौ करोड़ रुपए से अधिक की खरीदारी की है। राष्ट्रीय स्तर पर यह आंकड़ा तीन लाख लाख करोड़ रुपये से अधिक का है। पटना में जेम विक्रेता संवाद के दौरान वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के निदेशक अमरदीप गुप्ता ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि जेम पोर्टल का मुख्य उदेश्य देश के एमएसएमई कारोबारियों को एक ऑनलाइन मार्केट प्लेस उपलब्ध कराना है। इससे वे सरकारी खरीदारी में भाग लेकर अपने व्यापार को बढ़ा सकेंगे। इस मौके पर जेम के क्षेत्रीय प्रबंधक विनीत झा एवं इम्तियाज़ अंसारी, पीआईबी के सहायक निदेशक संजय कुमार भी मौजूद रहे।

संवाद के दौरान बिहार के विक्रेताओं ने जेम पोर्टल पर अपने अनुभव एवं सुझाव भी व्यक्त किए।

लघु उद्यमी रिलाएबल इंटरप्राइजेज के अंतेष झा ने बताया कि जेम पोर्टल से व्यापार करना ज्यादा सुगम हुआ है। ऑनलाइन पोर्टल की वजह से बिहार में ही रह कर झारखंड एवं ओडिशा के सरकारी विभागों की निविदा में भाग एवं सामान की सप्लाई भी बड़ी आसानी से कर पाते हैं।

महिला उद्यमी उषा झा ने कहा कि जब उन्हें पहली बार जेम पोर्टल से सरकारी ऑर्डर मिला तो, यह उनकी संस्था पेटल क्राफ्ट के लिए अत्यंत उत्साहवर्धक था। उन्होंने जेम पोर्टल को महिला उद्यमियों के लिए वरदान बताया। इससे उन्हें राष्ट्रीय स्तर का बाजार मिल जाता है।

स्टार्ट अप इंडिया से मान्यता प्राप्त बिरो पॉवर के सीईओ रजनीश कुमार ने बताया कि जेम पोर्टल ने केंद्र सरकार की उन सारी नीतियों को समाहित किया है, जो स्टार्ट अप एवं एमएसएमई को लाभ पहुंचाने के लिए बनाई गई है।

अनैशा इंटरप्राइजेज के संचालक ने कहा कि जेम पोर्टल से उनकी पहुंच केंद्रीय विभागों तक हो गई है। उनका जेम पर पहला आर्डर एएआई इंदौर से था। जेम पोर्टल के आने से सरकारी खरीदारी में पारदर्शिता आयी है।

 

 

 


संबंधित खबरें