मुख्य समाचार

परिवर्तन की धरती है बिहार, जनसमूह देख बढ़ा मनोबल : अमित शाह

पूर्णिया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रंगभूमि मैदान में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार की धरती परिवर्तन की धरती रही है। इस कड़ी धूप में मौजूद भीड़ हमसब का मनोबल बढ़ा रही है। अंग्रेजों से लड़ाई हो या आपातकाल। इनके विरुद्ध लड़ाई बिहार से ही शुरू हुई है।

नीतीश कुमार ने भाजपा को धोखा देकर स्वार्थ और सत्ता का परिचय दिया है। उसके खिलाफ भी लड़ाई यहीं से शुरू होगी। भाजपा सत्ता की राजनीति नहीं, बल्कि सेवा और विकास की पक्षधर है। बिहार में लालू प्रसाद और नीतीश कुमार की जोड़ी भले ही आ गई हो, लेकिन सीमांचल वासियों डरने की जरूरत नहीं। ऊपर मोदी सरकार है।

अमित शाह ने कहा कि बिहार में जंगलराज का खतरा मंडरा रहा है। बिहार और झारखंड वामपंथ उग्रवाद का अड्डा हुआ करते थे, लेकिन तीन साल में ही दोनों राज्यों को उग्रवाद से मुक्त कर दिया गया। केंद्र सरकार गरीबों की सरकार है। मोदी सरकार ने करोड़ों लोगों को घर दिया है।

बिहार के घरों में शत-प्रतिशत बिजली, लाखों की संख्या में गैस सिलिंडर, पचास प्रतिशत आबादी को स्वास्थ्य का पूरा खर्च माफ एवं हर घर में शौचालय पहुंचाने का काम मोदी सरकार ने किया है। दो साल तक हर जरूरतमंद को प्रति माह पांच किलो राशन मुफ्त में भी देने का काम केंद्र ने किया है।

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि पूर्णिया में एयरपोर्ट लगभग बन गया है। कई राष्ट्रमार्ग भी बने हैं। एपीजे अब्दुल कलाम कृषि महाविद्यालय की स्थापना एक हजार करोड़ रुपए की लागत से हो गई है। 1900 करोड़ की लागत से मनिहारी-साहेबगंज के बीच गंगा पुल बनने के काम का शिलान्यास हो चुका है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2015 में कहा था कि उनकी सरकार 1 लाख 25 हजार करोड़ रुपए बिहार के विकास के लिए खर्च करेगी, लेकिन खर्च अब तक 1.35 लाख करोड़ हो चुका है।

अमित शाह ने कहा कि आज वह पिछले सात साल का हिसाब अपने साथ लेकर आए हैं। हमारी सरकार ने इन सालों में बिहार में महामार्ग निर्माण के लिए 14 हजार करोड़ रुपए , ग्रामीण सड़क के लिए 22 हजार करोड़ एवं रेलवे के लिए 56 हजार करोड़ राशि खर्च की है। एयरपोर्ट के लिए 1280 करोड़ और पर्यटन के लिए 1600 करोड़ खर्च हुआ है। इसके अलावा पेट्रोलियम गैस के लिए 32 हजार करोड़ और बिजली के लिए 14 हजार करोड़ खर्च किया जा चुका है।

जनसभा को इन्होंने भी किया संबोधित : प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह एवं नित्यानंद राय, पूर्व केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह, नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा, पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, तारकिशोर प्रसाद एवं रेणु देवी, पूर्व मंत्री नंदकिशोर यादव, मंगल पांडे, शाहनवाज हुसैन एवं सम्राट चौधरी, राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा एवं एमएलसी दिलीप जायसवाल। बिहार भाजपा के प्रभारी विनोद तावड़े और सह प्रभारी हरीश द्विवेदी भी मौजूद रहे।

 

 


संबंधित खबरें