मुजफ्फरपुर। बेला इंडस्ट्रियल एरिया में लेदर पार्क एवं मोतीपुर में निर्माणाधीन इथेनॉल प्लांट का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जायजा लिया। उन्होंने लेदर निर्मित सामान की निर्माण प्रक्रिया एवं कार्यरत लोगों से बातचीत कर पूरी व्यवस्था की जानकारी ली।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने जीविका महिला उद्यमियों के साथ संवाद किया। उन्होंने कहा कि 40 जीविका दीदियों को राज्य के बाहर प्रशिक्षण दिलाकर लेदर कलस्टर से जोड़ा गया है। उद्यमी योजना के अंतर्गत उन्हें दस लाख रुपए की सहायता दी जा रही है। हर प्रकार की सुविधा दी गई है ताकि उत्पादन कार्य बेहतर ढंग से हो सके। यहां काम बढ़ेगा, तो लोगों को बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
जीविका महिला उद्यमी सुनीता कुमारी एवं उर्मिला देवी ने संवाद के दौरान कहा कि हमलोग राज्य सरकार के आभारी हैं। हम महिलाएं किसी से कम नहीं हैं। हर काम को बेहतर ढंग से कर सकते हैं।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने मोतीपुर में निर्माणाधीन इथेनॉल प्लांट का जायजा लिया। मोतीपुर में भारत ऊर्जा डिस्टिलरीज प्राइवेट लिमिटेड इथेनॉल प्लांट लगा रहा है। निदेशक कोमल सिंह एवं शुभम सिंह ने प्लांट के संबंध में मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि मुख्य सड़क से प्लांट तक आनेवाले पथ का चौड़ीकरण कराया जाए। बगल में तिरहुत कैनाल से पानी प्लांट की ओर आ जाता है। इससे दीवार में नमी आ जाती है। मुख्यमंत्री ने सभी समस्याओं के निराकरण का निर्देश दिया।
इस दौरान वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी, उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव एस. सिद्धार्थ, उद्योग विभाग के प्रधान सचिव संदीप पौंड्रिक, उद्योग निदेशक पंकज दीक्षित एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।